रक्षाबंधन पर मनमाना किराया वसूलना पड़ा भारी: 3 बसों पर ₹6 हजार का चालान

RTO के निर्देश पर ट्रांसपोर्ट सब इंस्पेक्टर केके पुरोहित की कार्रवाई, चेकिंग में बसों पर कसा शिकंजा

छतरपुर। रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक वसूली की शिकायतों के बीच परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। RTO मधु सिंह के निर्देश पर ट्रांसपोर्ट सब इंस्पेक्टर केके पुरोहित ने चेकिंग अभियान चलाकर तीन बसों पर कार्रवाई की। जांच के दौरान MP16P0424, MP16ZF4294 और UP95AT2123 नंबर की बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 6 हजार रुपए के चालान किए गए।

त्योहार पर मनमानी वसूली पर नजर
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर बस ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग के दौरान बसों के दस्तावेजों के साथ किराया व्यवस्था की भी निगरानी की जा रही है।

परमिट निरस्तीकरण तक हो सकती है कार्रवाई
अधिक किराया वसूली की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित बस ऑपरेटर को नोटिस जारी किया जा सकता है। नियमों का उल्लंघन साबित होने पर परमिट निरस्तीकरण जैसी कार्रवाई भी प्रस्तावित है।

कार्रवाई के बाद परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि रक्षाबंधन के दौरान बसों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी। यात्रियों से अपील की गई है कि निर्धारित किराए से अधिक राशि मांगे जाने पर इसकी शिकायत परिवहन विभाग को करें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *