ई-रिक्शा पार्किंग, श्रमिकों के लिए स्थान चिन्हित करने एवं ट्रैफिक सिग्नल दुरुस्त करने निर्देश

अवैध होर्डिंग-फ्लैक्स और सड़क पर डले पर जब्ती की कार्यवाही के निर्देश
कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, डीएसपी अरविंद दांगी, ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत, समिति के संबंधित सदस्य एवं नगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने शहर की यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका को निर्देश दिए कि शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही प्रभावी रूप से की जाए। दुकानों के बाहर भी अतिक्रमण न होने दिया जाए, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे। उन्होंने शहर में आवारा पशुओं की शिफ्टिंग की कार्यवाही निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सड़कों पर निर्माण सामग्री अथवा अन्य मटेरियल रखे होने पर संबंधित सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौराहों एवं प्रमुख सड़कों के किनारे बिना अनुमति अनावश्यक रूप से होर्डिंग एवं फ्लैक्स नहीं लगाए जाएं। ऐसे मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने शहर में ई-रिक्शा की व्यवस्थित पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही छत्रसाल चौराहे पर खड़े होने वाले श्रमिकों के लिए भी उचित एवं व्यवस्थित स्थान चिन्हित करने को कहा, जिससे मुख्य मार्गों एवं चौराहों पर यातायात प्रभावित न हो।
ट्रैफिक सिग्नल और डिवाइडरों को किया जाए व्यवस्थित
कलेक्टर ने शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नलों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर डिवाइडर खुले है और जिसकी वजह से यातायात बाधित होता है, वहां सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार उन्हें बंद करने की कार्यवाही की जाए।
उन्होंने शहर की मुख्य सड़कों पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें प्राथमिकता से भरने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
सनसनीखेज अपराध एवं नारकोटिक्स की भी समीक्षा
बैठक के दौरान चिन्हित सनसनीखेज अपराधों एवं नारकोटिक्स से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। साथ ही प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।








